भारत की लोक परंपराओं में कई ऐसे लोकदेवता हैं, जिनकी आस्था धर्म और समुदाय की सीमाओं से कहीं आगे दिखाई देती है। इन्हीं में एक नाम है गोगाजी, जिन्हें राजस्थान और उत्तर भारत में गोगा वीर, गुग्गा, जाहरवीर और जाहर पीर जैसे नामों से जाना जाता है। हिंदू परंपरा में उन्हें नागों से जुड़ा देवता और सर्पदंश से रक्षा करने वाला लोकदेवता माना जाता है, जबकि मुस्लिम श्रद्धालु उन्हें गोगा पीर या जाहर पीर के रूप में मानते हैं।
खास बात यह है कि गोगाजी की लोक-आस्था केवल भारत तक सीमित नहीं है। पाकिस्तान के सिंध और थारपारकर क्षेत्र में भी उनके थान और उनसे जुड़ी मान्यताएं मिलती हैं। सिंध सरकार के प्रकाशित सांस्कृतिक दस्तावेज में गोगाजी को ‘गोगा पीर’ और मुस्लिम समुदायों में ‘जाहिर पीर’ के नाम से जाने जाने का उल्लेख है। वहां राजपूत और गैर-राजपूत समुदायों में भी उनकी पूजा की परंपरा दर्ज है।
कौन हैं गोगाजी?
गोगाजी को राजस्थान की लोकपरंपरा में 11वीं सदी का वीर योद्धा माना जाता है। लोककथाओं में उनका संबंध चौहान वंश से बताया जाता है और उनका जन्म राजस्थान के ददरेवा क्षेत्र में माना जाता है। हालांकि उनके जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियां सीमित हैं और उनके जीवन की कई बातें लोककथाओं और धार्मिक परंपराओं पर आधारित हैं। राजस्थान के आधिकारिक इतिहास-सांस्कृतिक स्रोतों में भी गोगाजी को मध्यकालीन वीर के रूप में वर्णित किया गया है।
लोकमान्यता के अनुसार गोगाजी वीर योद्धा होने के साथ-साथ नागों के देवता बने। यही वजह है कि उन्हें नागराज या सर्पों से जुड़े लोकदेवता के रूप में पूजा जाता है।










