लगातार कई घंटे तक ऑफिस में काम करना, एक साथ कई जिम्मेदारियां संभालना और स्क्रीन पर नजरें गड़ाए रखना दिमाग को थका सकता है। कई बार ऐसी स्थिति आती है, जब सिर भारी महसूस होने लगता है, सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित होती है और किसी काम में मन नहीं लगता। आमतौर पर लोग ऐसी स्थिति में लंबा ब्रेक लेने के बारे में सोचते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार कुछ आसान तकनीकों की मदद से अपनी डेस्क छोड़े बिना भी मानसिक थकान कम की जा सकती है। इन तरीकों से तनाव को नियंत्रित करने, एकाग्रता बढ़ाने और दोबारा काम पर ध्यान लगाने में मदद मिल सकती है।
1. गुनगुने पानी या चाय की चुस्की लें
जब काम करते-करते दिमाग थका हुआ महसूस हो, तो एक कप गुनगुना पानी, हल्की चाय या ग्रीन टी पी सकते हैं। पेय पदार्थ की गर्माहट और उसके स्वाद पर ध्यान केंद्रित करने से कुछ देर के लिए विचारों की भागदौड़ से राहत मिल सकती है। इसे माइंडफुलनेस यानी वर्तमान क्षण पर ध्यान केंद्रित करने का एक आसान तरीका माना जाता है। पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है, क्योंकि शरीर में पानी की कमी से थकान और एकाग्रता में परेशानी हो सकती है।
2. एक समय में एक ही काम करें
मानसिक थकान का एक बड़ा कारण लगातार मल्टीटास्किंग करना भी हो सकता है। जब व्यक्ति एक साथ कई काम करने की कोशिश करता है, तो बार-बार ध्यान बदलने से मानसिक दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि कुछ समय के लिए मल्टीटास्किंग बंद कर दें और केवल एक महत्वपूर्ण काम पर ध्यान केंद्रित करें। इससे काम व्यवस्थित करने और एकाग्रता बनाए रखने में मदद मिलती है।
3. बॉक्स ब्रीदिंग तकनीक अपनाएं
तनाव और बेचैनी महसूस होने पर बॉक्स ब्रीदिंग एक उपयोगी अभ्यास हो सकता है। इसमें सांस लेने और छोड़ने की प्रक्रिया को चार समान चरणों में बांटा जाता है।
-
चार सेकंड तक धीरे-धीरे सांस अंदर लें।
-
चार सेकंड तक सांस रोकें।
-
चार सेकंड में धीरे-धीरे सांस बाहर छोड़ें।
-
चार सेकंड तक सामान्य रूप से रुकें और फिर प्रक्रिया दोहराएं।









