सांप के काटने की घटना किसी के लिए भी बेहद डरावनी हो सकती है। ऐसे समय में घबराहट और जल्दबाजी स्थिति को और गंभीर बना सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, सांप के काटने पर सबसे जरूरी है कि व्यक्ति शांत रहे, शरीर की हलचल कम करे और जल्द से जल्द चिकित्सकीय मदद हासिल करे। समय पर अस्पताल पहुंचना और सही प्राथमिक उपचार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हालांकि, सांप के काटने के बाद जहर को फैलने से रोकने के नाम पर गलत तरीके से पट्टी बांधना या घरेलू नुस्खे अपनाना नुकसानदायक हो सकता है।
सांप काट ले तो सबसे पहले क्या करें?
यदि सांप काट ले तो सबसे पहले सांप से सुरक्षित दूरी बनाएं। उसके पीछे जाने, उसे पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें। इसके बाद व्यक्ति को शांत बैठाएं या लिटाएं और उसे अनावश्यक चलने-फिरने से रोकें। काटे गए अंग को यथासंभव स्थिर रखें और तुरंत एंबुलेंस या नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
घबराहट में तेजी से भागने या दौड़ने से बचना चाहिए। शारीरिक गतिविधि कम रखने से लसीका तंत्र के माध्यम से जहर के फैलाव की गति कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, केवल शांत रहने से जहर का असर समाप्त नहीं होता। इसलिए अस्पताल पहुंचने में देरी नहीं करनी चाहिए।
घड़ी, अंगूठी और टाइट कपड़े उतार दें
सांप के काटने के बाद प्रभावित हिस्से में सूजन आ सकती है। ऐसे में हाथ या पैर में पहनी घड़ी, अंगूठी, चूड़ी, जूते और तंग कपड़े सावधानी से हटा दें। प्रभावित अंग को ज्यादा हिलाने से बचाएं। यदि संभव हो तो उसे स्प्लिंट की मदद से स्थिर रखें।
पट्टी बांधने में न करें गलती
सांप के काटने पर हर तरह की पट्टी बांधना सुरक्षित नहीं होता। विशेष रूप से बहुत कसकर बांधी गई पट्टी या टॉर्निकेट रक्त संचार को बाधित कर सकता है और ऊतकों को नुकसान पहुंचा सकता है।
कुछ विशेष प्रकार के सांपों के काटने पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी प्रेशर इममोबिलाइजेशन तकनीक का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन यह हर तरह के सांप के काटने के लिए उपयुक्त नहीं है। इसलिए बिना चिकित्सकीय निर्देश के घाव के ऊपर या नीचे कसकर पट्टी नहीं बांधनी चाहिए।
सांप काटने पर ये गलतियां बिल्कुल न करें
विशेषज्ञों के अनुसार, सांप के काटने पर कुछ सामान्य गलतियां जानलेवा साबित हो सकती हैं। इसलिए इन बातों का विशेष ध्यान रखें।
-
घाव को न काटें: जहर निकालने के लिए ब्लेड या चाकू से घाव काटने की कोशिश न करें।
-
जहर चूसने की कोशिश न करें: मुंह से जहर निकालना प्रभावी नहीं है और इससे नुकसान हो सकता है।
-
बर्फ न लगाएं: प्रभावित जगह पर बर्फ या ठंडी सिकाई न करें।
-
कसकर पट्टी न बांधें: रस्सी, कपड़े या बेल्ट से खून का प्रवाह रोकने की कोशिश न करें।
-
घाव को न धोएं और न रगड़ें: भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, घाव से छेड़छाड़ करने से बचना चाहिए।
-
घरेलू नुस्खे न अपनाएं: जड़ी-बूटियों, तेल, केमिकल या पारंपरिक उपचारों में समय बर्बाद न करें।
-
दवाएं खुद से न दें: दर्द निवारक या अन्य दवाएं डॉक्टर की सलाह के बिना न लें।









